जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के एसडीओ तालाब में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घने कोहरे के बीच एक 80 वर्षीय वृद्ध का शव तालाब में तैरता हुआ देखा गया. शौच के लिए तालाब के पास पहुंचे बच्चों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. बाद में शव की पहचान जामताड़ा निवासी दुलाई मांझी के रूप में की गई. परिजनों ने बताया कि दुलाई मांझी बीते 13 तारीख से लापता थे. उनकी खोज जामताड़ा, करमाटांड़, आसनसोल समेत आसपास के इलाकों में की जा रही थी.
परिजनों के अनुसार, 14 तारीख को इस संबंध में जामताड़ा सदर थाना में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. मृतक के भतीजे अरूप मांझी ने बताया कि दुलाई मांझी रोजाना सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकलते थे और 7 बजे तक वापस लौट आते थे, लेकिन उस दिन वे घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजन चिंतित हो गए.
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर कब्जे में लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

