जामताड़ा/ Yogesh Kumar

राज्य स्थापना दिवस रजत पर्व उत्सव के तहत शुक्रवार को लाधना डैम पर्यटन स्थल में बोट फेस्टिवल 2025 का भव्य आयोजन हुआ. सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग इस मनोरम पर्यटन स्थल पर पहुंचे और जल क्रीड़ा गतिविधियों का आनंद लिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, प्रशिक्षु आईएएस, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर और रिबन काटकर किया.

उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि लाधना डैम क्षेत्र के समग्र विकास हेतु 2 करोड़ 35 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा दो हाई-स्पीड बोट खरीदी जा रही हैं, जिनका संचालन स्थानीय लोगों के माध्यम से होगा. डैम के बीच स्थित टापू पर भी विशेष पर्यटन सुविधाएँ विकसित की जाएंगी. उपायुक्त ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आने वाले वर्षों में लाधना डैम जामताड़ा का प्रमुख पर्यटन आकर्षण बनेगा.

बोट फेस्टिवल में सुबह से ही लोगों का उत्साह चरम पर रहा. बनाना राइड, रिंगो राइड, डिस्को राइड, कायक, वाटर रोलर और डुओ साइकिल जैसी एडवेंचर गतिविधियों ने सभी आयु वर्ग के आगंतुकों को खूब रोमांचित किया. फेस्टिवल में मौजूद पांच आधुनिक बोट्स ने आगंतुकों को विशेष बोटिंग अनुभव प्रदान किया.

पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही. पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम लगातार तैनात रहे, ताकि भीड़ नियंत्रण और जल गतिविधियों में पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

