जामताड़ा/ Manish Baranwal भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित टावर चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए.


प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने आरोप लगाया कि विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा सनातन संस्कृति और पूजा पद्धति पर की गई टिप्पणी हिंदुओं की आस्था का अपमान है. उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
वहीं महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने भी मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि देवी- देवताओं पर इस प्रकार की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.
भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि राज्य सरकार के नेताओं द्वारा बार- बार सनातन विरोधी बयान देना एक प्रवृत्ति बन गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, जो निंदनीय है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें कमलेश मंडल, सुकुमार सरखेल, राजेंद्र राउत, प्रदीप राउत, प्रवीण मिश्रा सहित अन्य शामिल थे.

