जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के गांधी चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा राज्य सरकार की ओर से नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के विरोध में सोमवार को एकदिवसीय धरना- प्रदर्शन का आयोजन किया गया. धरना में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह उपस्थित थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की.

धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव समय पर होना चाहिए था, लेकिन गठबंधन सरकार को शहरी क्षेत्रों में अपना जनाधार कमजोर होने का डर है. इसी कारण चुनाव अब तक नहीं कराए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब मजबूरी में चुनाव कराने की स्थिति में है तो बैलेट पेपर के माध्यम से धांधली की योजना बनाई जा रही है. सुमित शरण ने तीनों मांगों को दोहराते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव अविलंब, दलीय आधार पर और ईवीएम मशीन के माध्यम से कराए जाएँ.

भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से नगर निकाय चुनाव नहीं कराए जाने से शहरी क्षेत्रों का विकास प्रभावित हो रहा है. उन्होंने भी ईवीएम के माध्यम से शीघ्र चुनाव कराने की मांग दोहराई. वहीं पूर्व नगर अध्यक्ष और भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि राज्य के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में लंबे समय से सरकार की मनमानी के कारण चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर सरकार मांगों को नहीं मानती है तो पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए और बड़े आंदोलन करेगी.
पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में जनप्रतिनिधि न होने के कारण अधिकारी बेलगाम हो गए हैं. उन्होंने जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी 5 से 7 तारीख तक राज्य के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन करेगी और अपनी तीन प्रमुख मांगों को पूरा कराने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बनाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि नगर क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और मैया सम्मान योजना जैसे लाभ उचित रूप से लोगों तक नहीं पहुँच रहे हैं, और भाजपा इस मुद्दे पर भी आवाज उठा रही है.
धरना में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, जिला महामंत्री मितेश शाह, सुनील हांसदा, विनोद मंडल, महेंद्र मंडल, बबिता झा, जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह, सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री सुजाता सिंह, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, जितेन्द्र मंडल, द्वारिका प्रसाद सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

