जामताड़ा/ Manish Baranwal भाजपा झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार जामताड़ा जिले में संगठन पर्व के तहत जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हुई. बुडूडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित नामांकन प्रक्रिया के दौरान जामताड़ा जिला अध्यक्ष पद के लिए सुमित शरण तथा प्रदेश परिषद सदस्य पद के लिए माधव चंद्र महतो और हरिमोहन मिश्रा ने अपना नामांकन दाखिल किया.

निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया जिला चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता की अगुवाई में संपन्न हुई. इस दौरान गिरिडीह से आई भाजपा नेत्री पूनम प्रकाश पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहीं. वहीं जिला चुनाव सह अधिकारी के रूप में सुखमणि हेंब्रम और मितेश शाह भी मौजूद थे.
चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता ने बताया कि संगठन पर्व के तहत जामताड़ा जिले में जिला अध्यक्ष और प्रदेश परिषद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई है. स्कूटनी के बाद जिला अध्यक्ष और प्रदेश परिषद सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने पुनः जिला अध्यक्ष पद के लिए तथा माधव चंद्र महतो और हरिमोहन मिश्रा ने प्रदेश परिषद सदस्य के रूप में नामांकन किया है.
जिला पर्यवेक्षक पूनम प्रकाश ने कहा कि सभी मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. उन्होंने बताया कि पिछले महीने मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिला अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की गई थी. इसके पश्चात प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिला अध्यक्ष और प्रदेश परिषद के लिए नामांकन की प्रक्रिया तय की गई. इस अवसर पर जिले के सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

