जामताड़ा/ भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में बुधवार को जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी 25 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के जामताड़ा आगमन तथा 27 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की प्रस्तावित सभा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आदित्य साहू का यह पहला जामताड़ा दौरा है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की जिम्मेदारी नाला विधानसभा क्षेत्र में मनोज गोस्वामी को दी गई है, जिनके साथ पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल एवं भाजपा नेता माधव चंद्र महतो रहेंगे.
जिलाध्यक्ष ने जानकारी दी कि धोतला मोड़ पर स्वागत कार्यक्रम ठाकुरमनी सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा, जबकि पोसोई मोड़ पर स्वागत की जिम्मेदारी वीरेंद्र मंडल को सौंपी गई है, जिनके साथ जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल सहयोग करेंगे.
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की सभा आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी तरुण गुप्ता को दी गई है, जिनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय रहेंगे.
बैठक का संचालन जिला महामंत्री मितेश साह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने किया. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया.

