जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के कर्माटांड़ रेलवे स्टेशन स्थित बी-ब्लॉक के पास संचालित एक होटल से प्रतिबंधित गोमांस बरामद होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. रविवार को ग्रामीणों को सूचना मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर होटल की छापेमारी की और हंगामा कर दिया.

सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. जांच के दौरान होटल से लगभग 8 किलोग्राम पका हुआ मांस और 1.8 किलोग्राम कच्चा मांस बरामद किया गया. इस घटना में शामिल तीन आरोपियों में अजहर अंसारी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि मासूम अंसारी और आलम अंसारी अभी फरार बताए जा रहे हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ, सीओ और थाना प्रभारी सहित बड़ी पुलिस टीम मौके पर तैनात रही. बरामद मांस के नमूने फूड सेफ्टी और वेटनरी विभाग के डॉक्टरों द्वारा जांच के लिए भेजे गए हैं.

मौके पर पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जब पूरा देश आस्था का महापर्व मना रहा है, ऐसे समय में प्रतिबंधित मांस का मिलना हिंदू समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.

अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के साथ संयुक्त छापेमारी की गई. उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. सभी बरामद सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

