जामताड़ा/ Yogesh Kumar झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ के बैनर तले जामताड़ा समाहरणालय के बाहर शिशु बागान में गुरुवार को एक दिवसीय धरना- प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार मुर्मू ने की. कार्यक्रम में समुदायिक समन्वयक, फील्ड थीमेटिक कोऑर्डिनेटर, एडमिन और अकाउंटेंट कर्मियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगें रखीं.

कर्मचारी संघ ने बताया कि झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (पलाश–JSLPS) में कार्यरत L-07 एवं L-08 स्तर के कर्मचारियों ने अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर राज्य मुख्यालय को छह सूत्रीय मांग पत्र भेजा है. चेतावनी स्वरूप कहा गया है कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा.
मांग पत्र में प्रमुख रूप से सभी कर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा देने, सेवा स्थायित्व, वेतनमान में समानता, केंद्र सरकार की NMMU नीति को अक्षरशः लागू करने, आंतरिक प्रोन्नति की व्यवस्था, वार्षिक वेतन वृद्धि, गृह जिले में पदस्थापन तथा SPARSH पोर्टल से वेतन भुगतान की मांगें शामिल हैं. कर्मचारियों ने कहा कि वे राज्य के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन हेतु कठिन परिस्थितियों में लगातार सेवा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें राज्यकर्मियों जैसी सुविधाएं और नौकरी में सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल रही है.
एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस राहुल रंजन को ज्ञापन सौंपा गया. इस ज्ञापन की प्रतिलिपि ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं ग्रामीण विकास मंत्री को भी भेजी गई है. संगठन ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है ताकि कर्मियों का मनोबल बना रहे और योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारु रूप से हो सके.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
