जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के चंदाडीह- लखनपुर पंचायत मंडप में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह के अंतर्गत रविवार को शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में अंचल कार्यालय, आंगनवाड़ी, राशन कार्ड, मनरेगा और बिजली विभाग के काउंटर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं से जुड़े आवेदनों को जमा किया.

कार्यक्रम में समाजसेवी रियाज अहमद, मुखिया नूनिलाल सोरेन, पंचायत सचिव गीता लगौरी, रोजगार सेवक लखिंदर, स्वयंसेवक रंजीत मंडल और रूपेश यादव सहित कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
इस दौरान समाजसेवी रियाज अहमद ने शिविर की अव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि एक ही दिन में चंदाडीह- लखनपुर, बोरवा और देवलबाड़ी तीन पंचायतों में शिविर आयोजित कर दिए गए, जबकि ब्लॉक स्टाफ और कंप्यूटर ऑपरेटर की कमी के कारण लाभुकों को योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है. पूरा कार्यक्रम महज़ औपचारिकता बनकर रह गया है.
वहीं मुखिया नूनिलाल सोरेन ने मैया सम्मान योजना का पोर्टल बंद होने पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पोर्टल ठप रहने के कारण महिलाएं गंभीर परेशानी से जूझ रही हैं. यदि शिविर के दौरान पोर्टल चालू रहता, तो जिन लाभुकों के नाम कट गए हैं या जिनके आवेदन में त्रुटियां हैं, उनका सुधार मौके पर हो सकता था. उन्होंने सरकार से मांग की कि मैया सम्मान योजना के लिए विशेष पंचायत-स्तरीय शिविर आयोजित कर आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी महिला योजना से वंचित न रहे.

