जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत खासमहाल इलाके में चोरों ने कांग्रेस के पश्चिमी कालीमाटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक की कपड़ा दुकान एसके फैशन गारमेंट्स को निशाना बनाया. घटना बीती रात करीब 2:30 बजे की है, जब चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित कपड़े चोरी कर लिए.

चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बगल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह ऊपर की ओर मोड़ दिया. कैमरे की फुटेज में सीसीटीवी को हिलाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है. सुबह दुकान खोलने पहुंचे ताहिर मलिक को ताला टूटा हुआ मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का मुआयना किया. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. दुकानदार के अनुसार चोर करीब 30 से 40 हजार रुपये मूल्य के कपड़े और कुछ नकद राशि लेकर फरार हो गए.
इस संबंध में ताहिर मलिक ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वहीं कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है.

