जमशेदपुर असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों, खासकर घरों, अस्पतालों, कंपनियों और व्यवसायिक संस्थानों में हाउसकीपिंग का काम करने वाले मजदूरों को उचित सम्मान, सुरक्षा और अधिकार दिलाने को लेकर इंटक की महिला इकाई सक्रिय भूमिका निभा रही है. इसी क्रम में मंगलवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित जुस्को यूनियन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया.

कार्यशाला की अध्यक्षता इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेशेश्वर पांडे ने की, जबकि संचालन इंटक महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव शिखा चौधरी ने किया. इस दौरान असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं, उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सम्मान पर विस्तार से चर्चा की गई.
कार्यशाला में विशेष रूप से कामकाजी महिलाओं और संविदा पर कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया. वक्ताओं ने कहा कि हाउसकीपिंग जैसे कार्यों में लगे मजदूर व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें आज भी स्थायित्व, सम्मान और सुरक्षा नहीं मिल पा रही है.
इंटक महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव शिखा चौधरी ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को संगठित किए बिना उनके अधिकारों की रक्षा संभव नहीं है. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में हाउसकीपिंग समेत असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए एक अलग यूनियन बनाने की दिशा में पहल की जाएगी, जिस पर कार्यशाला में सर्वसम्मति बनी है.
प्रदेश अध्यक्ष राकेशेश्वर पांडे ने कहा कि इंटक मजदूरों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर नीति-निर्माण तक लड़ेगी और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को उनका वाजिब हक दिलाना संगठन की प्राथमिकता है.
कार्यशाला में मौजूद मजदूर प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और उम्मीद जताई कि इस पहल से उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण और अधिकार मिल सकेंगे.

