जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो पोस्ट ऑफिस रोड से नजरिया स्कूल होते हुए गुरुद्वारा रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा कराया गया था. उक्त सड़क का उद्घाटन भी स्वयं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा किया गया था. इस सड़क से संबंधित शिलापट्ट, जिस पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का नाम एवं योजना का विवरण अंकित था, नजरिया स्कूल की दीवार पर लगाया गया था. अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा उक्त शिलापट्ट को तोड़ दिया गया.

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया. इस घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मानगो नगर निगम अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह गुड्डु के नेतृत्व में मानगो थाना पहुंचे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिलापट्ट तोड़े जाने के मामले में अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक विकास कार्यों से जुड़े शिलापट्ट को नुकसान पहुंचाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ भी है. उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए.
इस अवसर पर बलजीत सिंह, बलदेव सिंह, बंटी गिरी, कल्लू सिंह, अनिल सिंह, नौसाद, जयदेव शर्मा, जोगिंदर, शिशु गोप, गोपाल यादव, बमबम पांडेय, मानगो मंडल अध्यक्ष राकेश दास, सरफराज़ खान, सन्नी औरंग सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

