जमशेदपुर/ Afroz Mallik शहर की बेटी और बॉलीवुड की जानी- मानी सिंगर शिल्पा राव को हाल ही में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस सम्मान को पाकर शिल्पा राव ने न केवल जमशेदपुर का नाम रोशन किया है बल्कि पूरे झारखंड को गर्व महसूस कराया है. सम्मान प्राप्त करने के अगले ही दिन शिल्पा राव अपने शहर जमशेदपुर पहुंचीं, जहां एयरपोर्ट और शहर के कई इलाकों में फैन्स और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने अब तक के सफर को याद किया और इस पुरस्कार का श्रेय अपने माता- पिता, गुरुजनों और बॉलीवुड के सहयोगियों को दिया. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, समर्पण और सीखने की ललक से ही सपने पूरे होते हैं.
आपको बता दें कि शिल्पा राव का जन्म और शुरुआती शिक्षा जमशेदपुर में ही हुई. बचपन से ही संगीत में रुचि होने के कारण उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली और आगे चलकर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी आवाज़ आज देश ही नहीं, विदेशों तक गूंज रही है. राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिलने के बाद उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जमशेदपुर के युवा भी कड़ी मेहनत और सही दिशा में प्रयास करके देशभर में अपनी पहचान बना सकते हैं. जमशेदपुर की इस बेटी ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता.

