जमशेदपुर/ Afroj Mallick नवरात्रि और विजयादशमी के समापन के उपरांत जमशेदपुर में गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और आस्था के साथ किया जा रहा है. विभिन्न पूजा समितियों और श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिमाओं को विसर्जन जुलूस के माध्यम से शहर के अलग- अलग विसर्जन घाटों तक ले जाया जा रहा है.

प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जिला प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की है. प्रमुख विसर्जन घाटों पर एनडीआरएफ की टीम, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं. सभी घाटों पर दंडाधिकारी की देखरेख में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का जल में विसर्जन कर रहे हैं. माँ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा है.

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे विसर्जन प्रक्रिया के दौरान सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह से बचें. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.

