जमशेदपुर: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 को लेकर गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालय में महापौर, अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों के लिए दाखिल नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी संपन्न हुई.

स्क्रूटनी के दौरान मानगो नगर निगम में महापौर पद के 3 तथा जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के 1 उम्मीदवार का नामांकन पत्र त्रुटिपूर्ण पाए जाने के कारण निरस्त कर दिया गया.
मानगो नगर निगम में महापौर पद हेतु सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाइसता परवीन उर्फ जेबा खान, विनीता सहाय, राईमुनी सुण्डी, इंदिरा सुन्डी, संध्या सिंह, लक्की सिंह, पार्वती देवी, प्रतिभा रानी, सुशीला सिंह और सोनामुनी सोरेन सहित कुल 13 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध पाया गया. जबकि शबाना बानो, काकोली महतो और अनिता देवी का नामांकन निरस्त किया गया.
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद हेतु जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातुन, बलबीर कौर और रिंकु सिंह सहित कुल 9 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध पाया गया. आरती चौधरी का नामांकन पत्र त्रुटि के कारण अयोग्य घोषित किया गया.
चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद हेतु संध्या रानी सरदार, चन्दना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू का नामांकन वैध पाया गया.
वार्ड स्तर पर भी कई नामांकन निरस्त हुए. मानगो नगर निगम के 1 से 36 वार्डों में कुल 281 उम्मीदवारों में से 6 का नामांकन निरस्त किया गया, जबकि 275 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध पाया गया. जुगसलाई नगर परिषद के 1 से 22 वार्डों में कुल 97 उम्मीदवारों में 5 अयोग्य घोषित हुए और 92 का नामांकन वैध रहा. चाकुलिया नगर पंचायत के 1 से 12 वार्डों में कुल 42 उम्मीदवारों में 3 का नामांकन निरस्त हुआ, जबकि 39 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध पाया गया. निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नाम वापसी की तिथि 6 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है.

