जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब रोजाना गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं. ताज़ा मामला उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदम्बा होटल के पास का है, जहां देर रात बंटी कुमार नामक युवक पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी. गोली सीधे उसके सीने में लगी और वहीं फंस गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत रांची के रिम्स रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार बंटी लक्ष्मण नगर, सुभाष कॉलोनी, डिमना रोड का निवासी है. इस वारदात में सागर नामक युवक पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना अचानक हुई और गोली चलते ही अफरातफरी का माहौल बन गया. लोग इधर-उधर भागने लगे और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल पसर गया. सूचना मिलते ही उलीडीह थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी सागर की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने जमशेदपुर के लोगों में असुरक्षा की भावना गहरा दी है. लोगों का सवाल है कि आखिर अपराधियों पर लगाम कसने में पुलिस नाकाम क्यों साबित हो रही है.

