जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कुंवर बस्ती पंप हाउस के समीप लगे डीवीसी के ट्रांसफार्मर की स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है. ट्रांसफार्मर पूरी तरह झाड़ियों से घिरा हुआ है. नीचे लगा डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स भी खुला पड़ा है. यहां से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं. लगभग 200 मीटर की दूरी पर डीवीसी कार्यालय और सरकारी सुलभ शौचालय स्थित है. इस रास्ते से सुबह से ही छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों का आना-जाना लगा रहता है.

स्थानीय निवासी सुमित कुमार ने चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि जब डीवीसी खुद सुरक्षित नहीं तो आम जनता बरसात के मौसम में कैसे सुरक्षित रह सकती है. उन्होंने विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर की झाड़ियों की तत्काल सफाई कराई जाए. खुले डीबी बॉक्स को लॉक किया जाए. साथ ही इस स्थान की नियमित निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था की जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के मौसम में यह जानलेवा साबित हो सकता है. प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की गई है कि इस पर जल्द संज्ञान लें ताकि कोई अप्रिय घटना होने से पहले ही रोकथाम की जा सके.

