जमशेदपुर/ Afroz Mallik दुर्गोत्सव के अवसर पर जिले भर के विभिन्न पूजा पंडालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं. भीड़-भाड़ और यातायात अव्यवस्था की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर विशेष पहल की है.

जिला प्रशासन द्वारा एक वृहद ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत पूजा पंडालों के आसपास वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा. साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों के लिए पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुगम बना रहे.
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और वाहनों को केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने से पूजा पंडालों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सहज वातावरण मिलेगा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहूलियत होगी.
जिला प्रशासन ने कहा है कि दुर्गोत्सव के दौरान शांति, सौहार्द और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. श्रद्धालुओं से अपेक्षा की जाती है कि वे जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके.

