जमशेदपुर/ Afroz Mallik ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के केंद्रीय महासचिव बाबर खान ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल से मानगो की ओर जाने वाली सड़क धंसने के बाद जुस्को द्वारा मरम्मत कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है. मरम्मत का कार्य एक सप्ताह से अधिक समय से चल रहा है, जिसके कारण कोर्ट रोड सहित पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी हुई है.

उन्होंने कहा कि भुइयांडीह से गोलमुरी टिनप्लेट और टेल्को जाने वाली सड़क पर लगातार जाम लग रहा है. बाबर खान ने यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बस स्टैंड के स्थान पर दुकान और होटल चलाए जा रहे हैं, वहीं मुख्य सड़क पर ही राज्य स्तरीय बसों की पार्किंग की जा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर सड़क नहीं खोला गया तो जुस्को कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा. हालांकि प्रदर्शन से पूर्व प्रतिनिधिमंडल जुस्को अधिकारियों से मिलकर जनहित में काम जल्द पूरा करने की मांग करेगा.

