जमशेदपुर: सिविल कोर्ट परिसर में एक महिला को खुलेआम गाली- गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. कदमा थाना क्षेत्र के उलियान की रहने वाली वैशाली कुमारी ने इस मामले में जमशेदपुर सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार के समक्ष लिखित आवेदन देकर शिकायतवाद दर्ज कराया है. पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

पीड़िता ने अपने शिकायत पत्र में बताया है कि बीते 4 अक्टूबर को वह अपने केस की अगली तारीख की जानकारी लेने के लिए सिविल कोर्ट आई थी. उसी दौरान मामले का आरोपी अमित रंजन अपने साथियों नीरज कुशवाहा, मिनमॉय सरकार और अपने भाई अंकित राज के साथ कोर्ट परिसर में मौजूद था.
वैशाली कुमारी के अनुसार, आरोपी अमित रंजन ने कोर्ट परिसर में ही उसके साथ गाली- गलौज करते हुए कहा कि वह अभी जेल जा रहा है और बाहर निकलते ही उसे जान से मार देगा. आरोपी ने अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया. इसके साथ ही उसके साथ आए नीरज कुशवाहा, मिनमॉय सरकार और अंकित राज ने भी गेट संख्या-3 के पास से निकलते समय गालियां देते हुए उसे सबक सिखाने की धमकी दी.
पीड़िता ने यह भी बताया कि इस घटना के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह काफी डरी और सहमी हुई है. इसी कारण उसने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सिविल कोर्ट परिसर में शिकायतवाद दर्ज कराया है.
शिकायत में पीड़िता ने दावा किया है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. उसने न्यायालय प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने का भी आग्रह किया है, ताकि आरोपियों के खिलाफ उचित साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जा सके.
वैशाली कुमारी ने बताया कि अपने आवेदन की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक और कदमा थाना प्रभारी को भी भेज दी गई है. उसने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करते हुए उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए.

