जमशेदपुर/ Afroz Mallik के टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार शाम गश्ती के दौरान टाइगर जवान मोहम्मद तबरेज की सतर्कता से नशा कारोबार का भंडाफोड़ हुआ. मनीफीट मैदान के समीप गश्त के दौरान उन्हें दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिनकी हरकतों पर संदेह होने पर उन्होंने दोनों को रोककर तलाशी ली.

तलाशी के दौरान दोनों के पास से लगभग 35 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई. तुरंत कार्रवाई करते हुए मोहम्मद तबरेज ने दोनों आरोपियों को पकड़कर टेल्को थाना पुलिस के हवाले कर दिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा और गगनदीप के रूप में हुई है, जो सिदगोड़ा के 10 नंबर बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने बरामद अफीम को जब्त कर सील किया और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा और पैकिंग को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी सक्रिय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं.
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके. पुलिस सूत्रों ने बताया कि टाइगर जवान मोहम्मद तबरेज इससे पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी, अवैध हथियार की बरामदगी, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता के कारण इलाके में नशा तस्करी पर लगातार रोक लग रही है.

