जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा बस्ती में सोमवार देर रात 22 वर्षीय युवक की हत्या के बाद सनसनी फैल गई है. आशंका जताई जा रही है कि तंत्र- मंत्र के चक्कर में युवक की हत्या हुई है. हालांकि पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद ही कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की बात कही है. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ चल रही है.

मृतक का नाम अजय बासा उर्फ डांटू है. परिजनों ने बताया कि अजय देर रात अपने मित्र संदीप के साथ घर से निकला था, लेकिन कुछ घंटे बाद उसका शव खून से लथपथ हालत में गाढ़ाबासा में मिला. स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने संदीप पर आरोप लगाया है कि वह तांत्रिक गतिविधियों में शामिल रहता था और जादू- टोना की आड़ में उसने यह हत्या की. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय सुमन ने पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी संदीप को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने कहा कि मौत की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी.
मृतक अजय घर का इकलौता बेटा था और कुछ समय पहले ही पिता का निधन हुआ था. बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गाढ़ाबासा में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी.
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी कुप्रथाओं पर सवाल खड़े करती है.

