जमशेदपुर: सोनारी थाना अंतर्गत पंचवटी नगर रोड नंबर-2 स्थित एक मकान में सलोनी मुखी नामक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

परिजनों ने बताया कि वर्ष 2022 में सलोनी की शादी आपसी रजामंदी से उमंग मुखी से कराई गई थी. शादी के बाद से ही सलोनी अक्सर गुमसुम और मानसिक रूप से परेशान रहती थी. हाल के कई महीनों से वह अपनी बड़ी बहन के घर रह रही थी, जिससे उसके वैवाहिक जीवन में तनाव की आशंका जताई जा रही है.
परिजनों के अनुसार बीती रात सलोनी ने सामान्य रूप से खाना-पीना खाया और सोने चली गई. सुबह जब घरवालों ने कमरे में देखा तो वह पंखे से झूलती मिली. इस दौरान पति उमंग मुखी मौके से फरार बताया जा रहा है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है.
सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. हालांकि परिजनों ने पति की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पुलिस पर दबाव बनाया.
परिजनों का आरोप है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता और इसमें ससुराल पक्ष की भूमिका की गहन जांच होनी चाहिए. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग भी फरार बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. यह घटना एक बार फिर वैवाहिक जीवन में महिलाओं के मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों की गंभीरता को उजागर करती है, जिस पर समय रहते ध्यान देने की आवश्यकता है.

