जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो के गोकुल नगर निवासी जीत महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. इसी क्रम में झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की धर्मपत्नी सुधा गुप्ता शनिवार को पीड़ित परिवार के आवास पहुंचीं और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.

सुधा गुप्ता ने परिजनों के दुख में शामिल होते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता व न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर वे बेहद मर्माहत हैं और उनका पूरा प्रयास रहेगा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच हो. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी व्यक्ति इस घटना में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
सुधा गुप्ता ने यह भी कहा कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को जो भी सहायता संभव होगी, उसे दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
गौरतलब है कि जीत महतो की संदिग्ध मौत के बाद स्थानीय लोगों में रोष का माहौल है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करता है.

