जमशेदपुर/ Afroz Mallik शहर में गुरुवार को दो अलग- अलग आत्महत्या की घटनाओं से सनसनी फैल गई. एक मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जबकि दूसरा मानगो थाना क्षेत्र का. दोनों घटनाओं में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है.

पहली घटना परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर रोड नंबर 2 की है. जानकारी के अनुसार, करीब 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि मृतक पिछले लगभग 20 दिनों से मखदुमपुर रोड नंबर 2 स्थित सुल्तान सेठ नामक व्यक्ति के मकान में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था.
गुरुवार की सुबह जब युवक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालिक और स्थानीय लोगों को संदेह हुआ. उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि युवक फंदे से लटका हुआ है. यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी गई. सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक का पता कभी बंगाल तो कभी जमशेदपुर के ओल्ड पुरुलिया रोड बताया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र की है. यहां पंजाबी लाइन में रहने वाले 41 वर्षीय अमृत पाल सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि मृतक ने दो शादियां की थीं, लेकिन दोनों पत्नियां उन्हें छोड़कर जा चुकी थीं. वह फिलहाल अपनी मां के साथ रहते थे, जिनका इस वर्ष फरवरी महीने में निधन हो गया था. मां के निधन के बाद से वे डिप्रेशन में चले गए थे और शराब के आदी हो गए थे. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने अपने घर में फांसी लगा ली.
पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

