जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईगुट्टू कावेरी रोड स्थित करमू चौक पर बुधवार देर रात सिगरेट पीने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा. बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान विशेष समुदाय के कुछ युवक चापड़ लेकर मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के युवक आपस में परिचित और मिलते- जुलते हैं, लेकिन किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई.
स्थानीय युवकों के हस्तक्षेप और समय पर मानगो थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने से स्थिति को काबू में कर लिया गया. पुलिस को देखते ही हमलावर युवक मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव का माहौल रहा, हालांकि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाए हुए है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

