जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जुबिली पार्क गेट नंबर-1 के पास रविवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब पार्क घूमने आए कुछ स्थानीय युवकों और एक टेंपो चालक के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ा और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. टेंपो चालक का आरोप है कि वह अन्य टेंपो चालकों के साथ बातचीत कर रहा था, इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के गाली- गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया.
टेंपो चालक का यह भी कहना है कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन मारपीट के दौरान उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया गया.
वहीं दूसरी ओर जुबिली पार्क घूमने आए युवकों का कहना है कि टेंपो चालक ने पहले उनके साथ गाली- गलौज की थी.
युवकों का दावा है कि टेंपो चालक के व्यवहार से नाराज होकर विवाद बढ़ा और इसी दौरान मारपीट हुई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने बीच- बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया.
हालांकि इस घटना ने जुबिली पार्क जैसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आम लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं. फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत की पुष्टि नहीं हो सकी है.

