जमशेदपुर: पोटका थाना में पदस्थापित महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या मामले में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है. प्रेमी गणेश मांझी के वायरल वीडियो में थानेदार का नाम सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को हटा दिया है. उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं.

पोटका थाना की कमान अब सब इंस्पेक्टर सन्नी टोप्पो को सौंपी गई है, जिन्हें नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद हुई, जिसमें आरोपी गणेश मांझी ने थानेदार पर गंभीर आरोप लगाए थे.
बताया जाता है कि महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की उसके प्रेमी गणेश मांझी ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद गणेश मांझी ने खुद भी आत्महत्या कर ली थी. आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने दावा किया कि 14 दिसंबर को उसे पता चला था कि उसकी प्रेमिका के पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध हैं. इसी बात से आक्रोशित होकर उसने हत्या करने की बात कही.
वीडियो में गणेश मांझी ने यह भी कहा था कि उसकी मौत के बाद उसके परिवार और भाई को किसी प्रकार की परेशानी न हो. हालांकि, तत्कालीन थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया था.
एसएसपी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से अब मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी है. इधर, ज्योतिका हेंब्रम और गणेश मांझी के परिजनों ने अलग- अलग प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.

