जमशेदपुर/ Afroz Mallik देवघर पंचायत, गोलमुरी- सह- जुगसलाई प्रखंड में शुक्रवार को विशेष वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया. वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, प्रधानमंत्री जनधन खाते खोलना, खातों का RE-KYC और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में पंजीकरण कराना रहा.

कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक रांची के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन प्रसाद सिंह और सहायक प्रबंधक अरविंद एक्का शामिल हुए. उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर कहा कि वित्तीय समावेशन का मतलब सिर्फ खाता खोलना नहीं बल्कि अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय सुरक्षा पहुंचाना है. उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.
शिविर में ऑन स्पॉट नए जनधन खाते खोले गए, RE-KYC किया गया, बीमा और पेंशन योजनाओं में पंजीकरण हुआ, NPCI मैपिंग और खातों में नॉमिनी जोड़ने का कार्य भी हुआ. शिविर में संजीव कुमार चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक, श्रीकांत कटारे, क्षेत्रीय प्रबंधक झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, पंचायत मुखिया, आरबीआई और बैंकों के अधिकारी, बीसी प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. जिले के अन्य पंचायतों में भी ऐसे शिविर आयोजित होंगे.

