जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वाला बस्ती के पास रहने वाला 8 वर्षीय बालक शिवास शनिवार दोपहर से लापता हो गया है. घटना के बाद परिजनों में चिंता और दहशत का माहौल है.

परिजनों के अनुसार शिवास शनिवार दोपहर करीब तीन बजे रोज की तरह घर से खेलने के लिए निकला था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की. लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिवार वालों ने शिवास के दोस्तों और पड़ोस के बच्चों से भी पूछताछ की. कुछ बच्चों ने बताया कि वह शनिवार को खेलने के लिए मैदान में नहीं आया था. इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने सोनारी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने भी बच्चे की सकुशल बरामदगी की प्रार्थना की है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें.

