जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारपाड़ा निवासी सूरज प्रसाद (38) ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली. गुरुवार सुबह उसका शव कमरे के अंदर जमीन पर पड़ा मिला.

घटना की जानकारी मृतक की पत्नी सोनी ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की बोतल बरामद की है.
जांच के दौरान पुलिस को सूरज के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही है. पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि सूरज प्रसाद ने दो शादियां की थी. उसकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी इलाके में रहती है, जबकि वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहा था. परिजनों के अनुसार करीब छह माह पूर्व हुए एक ट्रेन हादसे में सूरज के दोनों पैर और एक हाथ कट गए थे. इस घटना के बाद से वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन में रहने लगा था.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

