जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग- अलग इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन पर घरों और दुकानों में चोरी करने का आरोप है.

गिरफ्तार आरोपियों में गुर्जर मछुआ, गौरव मुश्या उर्फ चौधरी मछुआ, छोटू मछुआ, सोनू मछुआ और गणेश मछुआ शामिल हैं. सभी आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. ये चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों में पूर्व में भी जेल जा चुके हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सिलाई मशीन, लोहे की रॉड, अन्य लोहे के औजार, गैस सिलेंडर, जैक सहित कई चोरी के सामान और औजार बरामद किए हैं. बरामद सामान की अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले को लेकर आगे की जांच जारी है.

