जमशेदपुर/ Pramveer Patro पूर्वी सिंहभूम जिले में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के नेतृत्व में बुधवार को ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ की शुरुआत की गई. इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा प्रदान करना, उनके बौद्धिक और नेतृत्व कौशल को विकसित करना तथा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के बच्चों के प्रदर्शन में सुधार लाना है.

समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा और सफल संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई. उपायुक्त ने जिला के सभी पदाधिकारियों से स्वेच्छा से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की. अभियान के तहत शिक्षण-पद्धति को और प्रभावी बनाने, आईसीटी और पुस्तकालय का समुचित उपयोग, नियमित पीटीएम बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गुरुवार को जिला प्रशासन के पदाधिकारी विद्यालयों का दौरा करेंगे. इस दौरान शिक्षण स्तर का मूल्यांकन करने के साथ शिक्षकों, विद्यार्थियों और समुदाय को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाएगा. लक्ष्य है कि अगले 6 माह में जिले के 30 प्रतिशत विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए. इसके साथ ही विद्यालयों में बाल संसद का संचालन कर छात्रों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की प्रक्रिया और संवाद कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.
‘सिकुई-दिकुई अभियान’ शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के भविष्य और जिले के समग्र शैक्षणिक विकास की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
