जमशेदपुर: शहर में एक ओर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का संदेश दे रही थी, वहीं दूसरी ओर सरेशाम बेखौफ अपराधियों ने चेन छिनताई की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रोरो रोड का है.

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:30 बजे बागुन नगर निवासी एक महिला सब्जी लेकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गले से सोने की चेन झपट ली. महिला द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने मौके पर हवाई फायरिंग कर दी और फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि चुनावी माहौल में जहां पुलिस सड़कों पर मौजूद है, वहीं अपराधियों का इस तरह दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देना गंभीर चिंता का विषय है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

