जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित सेंट मेरी इंग्लिश हाई स्कूल में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब परीक्षा में कम अंक आने के कारण करीब 30 छात्रों को स्कूल से टर्मिनेट किए जाने का आरोप लगा. इस फैसले के विरोध में छात्रों के अभिभावक प्रिंसिपल कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने बिना किसी उचित चर्चा या मार्गदर्शन के सीधे छात्रों को स्कूल से निकाल दिया.


इस फैसले से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और वे मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं. अभिभावकों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वे लगातार स्कूल प्रशासन से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है.
आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल फादर विरोन डिसुजा ने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और मुलाकात से भी बचते रहे. स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब अभिभावक प्रिंसिपल से मिलने के लिए उनके चैंबर के बाहर धरने पर बैठ गए. इस दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि प्रिंसिपल सामने आकर बात करने के बजाय पिछले दरवाजे से निकल गए.
अभिभावकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय न हो और उन्हें आगे पढ़ाई का अवसर मिल सके.

