जमशेदपुर/ Varun Kumar शहर में समाज को नई वैचारिक दिशा देने वाली “सर्वतंत्र” की अवधारणा पर आधारित आधिकारिक वेबसाइट का भव्य एवं गरिमामयी समारोह के बीच लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवी, समाजसेवी, शिक्षाविद् और विशिष्ट नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तारानन्द सिंह ने कहा कि “सर्वतंत्र केवल एक विचार नहीं, बल्कि मानव समाज को मानसिक, सामाजिक और वैचारिक गुलामी से मुक्त करने का जनआंदोलन है. इसका उद्देश्य एक जागरूक, संगठित और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है.” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज अकेलापन, असुरक्षा, तनाव और भ्रम की स्थिति से गुजर रहा है. ड्रग्स, अपराध, हिंसा, भ्रष्टाचार, झूठ और लालच जैसी प्रवृत्तियां सामाजिक संरचना को कमजोर कर रही हैं. ऐसे में “सर्वतंत्र” आत्मचिंतन, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा.
तारानंद सिंह ने कहा कि धर्म, जाति, नस्ल, वर्ग और राजनीतिक विभाजन से समाज खंडित हो रहा है. सर्वतंत्र इन विभाजनों से ऊपर उठकर मानवता को केंद्र में रखता है और एक वैकल्पिक सामाजिक मॉडल प्रस्तुत करता है. उन्होंने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से आम नागरिक सर्वतंत्र की अवधारणा, सिद्धांतों, उद्देश्यों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. लोग अपने सुझाव और विचार साझा कर इस पहल को सशक्त बना सकेंगे. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से वेबसाइट https://sarv-tantra.com/ पर जाकर जुड़ने की अपील की.
कार्यक्रम में सम्मानित सदस्यों की औपचारिक घोषणा भी की गई, जिनमें विनोद कुमार वर्मा (अध्यक्ष, नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति), हरभजन सिंह (उपाध्यक्ष), अरुण भगत (मिस्टर एशिया बॉडीबिल्डर), दत्ता राव तथा अशोक मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल हैं.
सभी सदस्यों ने सर्वतंत्र की विचारधारा को घर- घर तक पहुंचाने और इसे सशक्त जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने इसे समाज को जोड़ने, विचारों को दिशा देने और मानव चेतना को जागृत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया.

