जमशेदपुर: एक ओर पुलिस प्रशासन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन की तैयारियों में जुटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जिला मुख्यालय से महज चंद फरलांग की दूरी पर बीती रात चोरों ने आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी.

मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने गैस कटर की मदद से दुकानों के ताले काटे और चोरी की घटना को अंजाम दिया. शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी- अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए.
यह घटना साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के समीप की बताई जा रही है. हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल जिला मुख्यालय से महज लगभग पचास मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे चोरी की यह वारदात और भी गंभीर मानी जा रही है.
जिन दुकानों में चोरी हुई है, उनमें अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान, विष्णु की पान दुकान सहित अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं. फिलहाल दुकानदार चोरी गए सामान और नकदी का आकलन करने में जुटे हुए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है.

