जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने छापेमारी कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से छिनी गई सोने की चैन और काले रंग की बुलेट बाइक बरामद की है. इसकी जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

सिटी एसपी ने बताया कि बीते 15 सितंबर को वादिनी स्वर्णली कुमारी ने आरोप लगाया था कि काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके गले से सोने की चैन झपटकर भाग गए. इस पर धारा 304(2)/3(5) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था. अनुसंधान के क्रम में पुलिस उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर पारडीह मानगो क्षेत्र में छापेमारी की.
छापेमारी में शाहबाज शेख उर्फ शाबू (23 वर्ष) और साजिद शेख उर्फ अमान बिल्ला को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने 16 जुलाई 2025 को बाराद्वारी दत्ता डेकोरेटर के पास चेन स्नैचिंग की थी और बाद में छिनी हुई चेन को वसीम अकरम उर्फ चंदू को 11,000 रुपये में बेच दिया था. जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने निशानदेही पर छापेमारी कर सोने की चेन और बुलेट बाइक बरामद की.
पुलिस के अनुसार शाहबाज और साजिद दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. शाहबाज पर बर्मामाइन्स और आजादनगर थानों में लूट के केस दर्ज हैं, जबकि साजिद पर बर्मामाइन्स, साकची और मानगो थानों में लूट के कई मामले दर्ज हैं. सिटी एसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों से और भी वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है तथा इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी चल रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
