जमशेदपुर/ Afroz Mallik बिहार के तर्ज पर अब झारखंड में भी सवर्ण आयोग के गठन की तैयारी तेज हो गई है. रविवार को जमशेदपुर के एक निजी स्कूल सभागार में सवर्ण महासंघ का गठन हुआ. बैठक में शहर के ब्राह्मण, राजपूत, भूमिहार और कायस्थ समाज के बुद्धिजीवी लोग शामिल हुए. सभी ने सवर्ण समाज को एकजुट करने का निर्णय लिया.

उपस्थित लोगों ने कहा कि सवर्ण समाज अलग- अलग रहकर कमजोर हो गया है. अब समय आ गया है कि सवर्ण समाज के लोग एकजुट होकर अपनी पहचान राज्य और देश में स्थापित करें. उन्होंने कहा कि समाज में मारवाड़ी और स्वर्णकार समुदाय भी शामिल हैं, जिन्हें आगे जोड़ा जाएगा. सवर्ण महासंघ का मानना है कि एकजुट होकर ही राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखी जा सकती है. वर्तमान में महासंघ का गठन जमशेदपुर में किया गया है. जल्द ही पूरे झारखंड में इसका विस्तार होगा. इसके बाद समाज की मांगों को राज्य से लेकर केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा.

