जमशेदपुर: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के जोबा गांव के मैदान में सोमवार को आयोजित भैंसा लड़ाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस घटना में सुभाष कर्मकार (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भैंसा लड़ाई के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई, जिसमें सुभाष कर्मकार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें बचाने के प्रयास में उनका बेटा भी हादसे की चपेट में आ गया. घायल युवक का पैर टूट गया है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मेला स्थल पर मौजूद भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आयोजन स्थल को खाली कराया और आगे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए.
इस संबंध में थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि उन्हें इस आयोजन की कोई पूर्व सूचना नहीं थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आयोजकों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के अवैध और खतरनाक आयोजनों से दूर रहें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके.

