जमशेदपुर: जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के कानस गांव से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है. गांव की 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार मृतका कानस गांव की रहने वाली थी और धीबर समाज से ताल्लुक रखती थी. गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ देखा. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धालभूमगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मृतका के हाथ पर “D + L” लिखा हुआ पाया गया है. इस एक तथ्य ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है. पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन अक्षरों के पीछे क्या कहानी छिपी है. क्या यह किसी प्रेम प्रसंग की ओर इशारा करता है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है, इसे लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से लड़की शांत और गुमसुम रहती थी, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी. फिलहाल गांव के लोग भी इस मामले में खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक कारण और मानसिक दबाव सहित सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. यह घटना एक बार फिर किशोरों की मानसिक स्थिति, सामाजिक दबाव और संवाद की कमी जैसे गंभीर सवाल खड़े करती है. एक नाबालिग का इस तरह जीवन समाप्त कर लेना समाज के लिए भी आत्ममंथन का विषय है.

