जमशेदपुर: घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र में हुए सुविधा केंद्र संचालक तारा पद महतो हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जांच में तेजी ला दी है. ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने मामले को लेकर स्पष्ट किया है कि यह हत्या सुनियोजित थी और इसके पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण के रूप में सामने आया है.

ग्रामीण एसपी के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल तीन अपराधी शामिल थे. इनमें से दो अपराधी सीधे दुकान के अंदर गए थे, जबकि तीसरा आरोपी बाइक पर बाहर निगरानी कर रहा था. वारदात के दौरान पहले मारपीट की गई और उसके बाद तारा पद महतो को गोली मारी गई.
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने फुटेज की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और उसी के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में जमीन को लेकर चल रहे विवाद की पुष्टि हुई है, जिसे लेकर यह वारदात अंजाम दी गई.
उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा. अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की सक्रियता के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती भी की गई है.

