जमशेदपुर: घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम प्रज्ञा केंद्र संचालक सह भाजपा नेता उमाकांत महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज घटना उलदा पंचायत के खडिया कॉलोनी बस स्टैंड के पास घटी, जहां बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और उमाकांत महतो को गोली मार दी. गोली लगते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से टाटा की ओर फरार हो गए. सारेशाम हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और लोग सहमे हुए हैं. बताया जाता है कि उमाकांत महतो का गांव में जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था. जमीन विवाद के कारण पूर्व में कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी थीं. आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
घटना के बाद मृतक की पत्नी आशा महतो, पुत्र अनुप महतो और बड़े भाई सृष्टिपदो महतो का रो- रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि उमाकांत महतो समाज में सक्रिय थे और प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से लोगों की सेवा करते थे.
घटना की सूचना मिलते ही गालुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.

