जमशेदपुर: जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित साकरा गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े केनरा बैंक की शाखा में पांच नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मियों के अनुसार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच पांच युवक बैंक परिसर में दाखिल हुए. अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल तानकर बैंक कर्मियों को एक कोने में बंधक बना लिया.
अपराधियों ने कैश काउंटर और तिजोरी से करीब 15 लाख रुपये निकाल लिए. इसके अलावा बैंक कर्मियों के सोने की चेन, मोबाइल फोन और पर्स भी लूट लिए.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मोटरसाइकिल से स्थानीय रास्तों के जरिए पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए. पीछा होने की आशंका में अपराधियों ने रास्ते में लूटे गए कुछ मोबाइल फोन भी फेंक दिए. घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही बैंक कर्मियों और आसपास के दुकानदारों से बदमाशों के हुलिए और मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
गौरतलब है कि मंगलवार को कोल्हान डीआईजी का जमशेदपुर दौरा भी था, जहां वे विधि- व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे. इसी दौरान हुई इस डकैती की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

