जमशेदपुर/ Varun Kumar जादूगोड़ा यूसीएल भटिन माइंस के मुख्य गेट के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार कार जादूगोड़ा से जमशेदपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान भटिन माइंस गेट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए जादूगोड़ा अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक युवक को हल्की चोटें आई हैं.
सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से.

