जमशेदपुर: हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग पर हेंसल स्थित छोटानागपुर कॉलेज के समीप रितिका ढाबा के पास सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हादसे में राजनगर प्रखंड के बोनकाटी टोला जोड़टाड़ निवासी आनंद महतो (58) की मौत हो गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद महतो अपने पुत्र मोहित को टाटानागर रेलवे स्टेशन छोड़ने स्कूटी से जा रहे थे. मोहित ऊटी में कार्यरत है और ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जा रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता- पुत्र को तत्काल मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आनंद महतो को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद मोहित सदमे में बेहोश हो गया था. फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में कम रोशनी अथवा स्कूटी का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.

