जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के हाता धर्मकांटा के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के रूपा नाचना निवासी लक्ष्मण महाकुड़ के रूप में हुई है.

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाता- ओड़िशा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और न्याय की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने तक नहीं दिया और तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कई प्रमुख मांगें रखीं. इनमें धर्मकांटा के आसपास सड़क पर बड़े वाहनों की पार्किंग पर रोक, हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से होने वाली ओवरलोडिंग को तुरंत बंद करना, तथा तेज रफ्तार हाइवा वाहनों पर सख्त कार्रवाई शामिल है.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को सामान्य करने में जुट गई. वहीं, हादसे में शामिल हाइवा को पुलिस ने जप्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

