जमशेदपुर: रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी द्वारा नागरिकों के बीच संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “7 दिन, 7 अनुच्छेद – एक दिन, एक अनुच्छेद” अभियान का सफल आयोजन किया गया. इस विशेष पहल के तहत लगातार सात दिनों तक भारतीय संविधान के सात महत्वपूर्ण अनुच्छेदों को प्रतिदिन सरल और सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया.

अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों ने पोस्टर, संवाद कार्यक्रम, डिजिटल प्लेटफॉर्म और जागरूकता संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों और विद्यार्थियों से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि संविधान के विभिन्न अनुच्छेद हमारे दैनिक जीवन, अधिकारों और कर्तव्यों को किस प्रकार प्रभावित करते हैं.
इस पहल को खासकर युवाओं और छात्रों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली. कई विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया.
रोटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष आरटीआर. आनंद राज सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन का मार्गदर्शक दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना और युवाओं को उनके अधिकारों व जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था.
क्लब सदस्यों ने भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक सामाजिक अभियानों को जारी रखने की बात कही.

