जमशेदपुर: रोटरैक्ट क्लब, करीम सिटी कॉलेज द्वारा DKMS फाउंडेशन इंडिया के सहयोग से दो दिवसीय रक्त स्टेम सेल जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान का सफल आयोजन किया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और शिक्षकों को रक्त-स्टेम सेल दान के महत्व के प्रति जागरूक करना था.

अभियान के दौरान कॉलेज के छात्रों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कुल 290 लोगों ने संभावित रक्त- स्टेम सेल दाता के रूप में अपना पंजीकरण कराया. रोटरैक्ट क्लब के सदस्यों ने प्रतिभागियों को स्टेम सेल दान की प्रक्रिया, उसकी आवश्यकता और इससे मिलने वाले जीवनरक्षक लाभों की जानकारी दी.
DKMS फाउंडेशन इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत में DKMS के साथ अब तक 2,00,000 से अधिक संभावित रक्त-स्टेम सेल दाता पंजीकृत हैं. उन्होंने बताया कि DKMS फाउंडेशन इंडिया के सहयोग से अब तक 200 से अधिक मरीजों को जीवन का दूसरा मौका मिल चुका है.
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि 18 से 55 वर्ष की आयु के बीच के सामान्य रूप से स्वस्थ व्यक्ति, जिनका बॉडी मास इंडेक्स (BMI) 40 से कम हो और जो पहले से पंजीकृत न हों, वे संभावित रक्त-स्टेम सेल दाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं.
रोटरैक्ट क्लब, करिम सिटी कॉलेज ने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी छात्रों, शिक्षकों और DKMS फाउंडेशन इंडिया का आभार व्यक्त किया.

