जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुखी बस्ती के समीप गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे नामदा बस्ती निवासी शरणजीत सिंह अपने रिश्तेदार को टाटानगर रेलवे स्टेशन से लेने के लिए स्प्लेंडर बाइक से निकले थे. इसी दौरान मुखी बस्ती के समीप ट्रक संख्या JH05AK-5732 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया जिससे शरणजीत की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर ट्रैफिक अवरुद्ध कर दिया.
उधर घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत करने का प्रयास करने लगी. समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है.

